T20 World Cup 2026: आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. सुपर-8 चरण के मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ होती दिख रही है. 27 फरवरी को कोलंबो में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए. इस जीत के साथ इंग्लिश टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.
इन दो टीमों ने किया क्वालीफाई
अब तक खेले गए मुकाबलों के बाद दो टीमों का सेमीफाइनल में पहुंचना तय हो चुका है. ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका और ग्रुप-2 से इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में एंट्री कर ली है. न्यूजीलैंड भी मजबूत स्थिति में है. हालांकि उसे इंग्लैंड के खिलाफ हार मिली, लेकिन नेट रन रेट और अंक तालिका में उसकी स्थिति पाकिस्तान से बेहतर बनी हुई है.
पाकिस्तान के लिए मुश्किल राह
पाकिस्तान के सामने सेमीफाइनल में पहुंचने की राह आसान नहीं है. उसे अपने आखिरी मैच में श्रीलंका को बड़े अंतर से हराना होगा. सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, बल्कि रन रेट सुधारने के लिए या तो 64 रनों से जीत दर्ज करनी होगी या टारगेट को 13.1 ओवर के अंदर जीतकर मैच खत्म करना होगा. अगर ऐसा नहीं हुआ तो पाकिस्तान का सफर यहीं खत्म हो जाएगा.
भारत बनाम वेस्टइंडीज: निर्णायक मुकाबला
ग्रुप-1 में भारत का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज से है. भारतीय टीम इस समय शानदार लय में नजर आ रही है. बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलन दिखाई दे रहा है. वहीं वेस्टइंडीज ने जरूर कुछ मैचों में अच्छा खेल दिखाया है, लेकिन बड़ी टीमों के खिलाफ उसका रिकॉर्ड उतना प्रभावी नहीं रहा है. टी20 फॉर्मेट में भारत के खिलाफ भी उसका प्रदर्शन औसत रहा है. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर भारत इस मुकाबले को जीत लेता है, तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.
सेमीफाइनल का संभावित समीकरण
अगर बाकी मुकाबले अनुमान के मुताबिक रहे तो ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका पहले और भारत दूसरे स्थान पर रह सकता है. वहीं ग्रुप-2 से इंग्लैंड टॉप पर और न्यूजीलैंड दूसरे नंबर पर रह सकती है. ऐसे में सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से और भारत का मुकाबला इंग्लैंड से हो सकता है. यानी फैंस को एक हाई-वोल्टेज भारत बनाम इंग्लैंड मैच देखने को मिल सकता है.
अब सबकी नजर भारत और वेस्टइंडीज के मुकाबले पर टिकी है. एक जीत टीम इंडिया को सेमीफाइनल की दहलीज पर खड़ा कर देगी और फिर इंग्लैंड से टक्कर तय मानी जा रही है.









